દેશ દુનિયા

फेंकी हुई सीपियों ने बदली समुद्र की तस्वीर, फ्लोरिडा की पहल से लौटा समुद्री जीवन

फ्लोरिडा: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य ने यह साबित कर दिया कि जिसे लोग कचरा समझकर फेंक देते हैं, वही पर्यावरण संरक्षण का बड़ा साधन बन सकता है। वर्ष 2007 से 2024 के बीच राज्य ने 5 लाख टन से अधिक रीसायकल की गई ऑयस्टर और क्लैम की सीपियां मेक्सिको की खाड़ी में डालकर नष्ट हो चुके समुद्री आवासों को फिर से जीवित कर दिया।

ये सीपियां सीफूड रेस्तरां और प्रोसेसिंग प्लांट से इकट्ठा की गई थीं। इन्हें लैंडफिल में फेंकने के बजाय उन इलाकों में डाला गया, जहां ऑयस्टर रीफ वर्षों से खत्म हो चुकी थीं। शुरुआत में इस योजना पर सवाल उठे, लेकिन कुछ समय बाद सीपियों पर छोटे ऑयस्टर बसने लगे और नई रीफ बनने लगीं।

नई ऑयस्टर रीफ बनने से समुद्र के पानी की गुणवत्ता में सुधार हुआ। ऑयस्टर बड़ी मात्रा में पानी को प्राकृतिक रूप से फिल्टर करते हैं, जिससे हानिकारक शैवाल कम हुए और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हुआ। इसके चलते मछलियों, कछुओं और डॉल्फिन जैसी प्रजातियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

इस परियोजना का असर पर्यावरण के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा। बेहतर मत्स्य पालन, स्वच्छ तटीय जल और पर्यटन को बढ़ावा मिला। वहीं, ऑयस्टर रीफ ने समुद्री तूफानों के दौरान लहरों की तीव्रता कम कर तटीय इलाकों की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाई।

फ्लोरिडा की इस सफलता से प्रेरित होकर अलबामा, टेक्सास, लुइसियाना, कैलिफोर्निया, मिसिसिपी और कैरोलिना समेत अमेरिका के कई राज्यों ने भी शेल रीसाइक्लिंग कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। यह पहल अब समुद्री संरक्षण और पर्यावरण पुनर्स्थापन का सफल उदाहरण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button